उत्तर प्रदेशः कांग्रेस ने की 125 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी, 50 प्रतिशत महिलाओं को दिया टिकट

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें 40 फीसदी महिलाओं और 40 फीसदी युवाओं को तरजीह दी है। कांग्रेस नेता प्रियंका ने कहा कि 125 प्रत्याशियों में 50 महिलाएं शामिल हैं. इसमें कुछ पत्रकार, एक अभिनेत्री, कुछ संघर्षशील महिलाएं हैं जिन्होंने अपने जीवन में बहुत अत्याचार देखा और उसके खिलाफ लड़ा है. वहीं, कुछ सामाजिक कार्यकर्ता हैं।
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी ने 125 उम्मीदवारों की पहली सूची में 50 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। महिला प्रत्याशियों के नामों का एलान करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाई गई सभी महिलाएं संघर्ष करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी बात यह है कि कांग्रेस ने उन्नाव मे बलात्कार पीडि़त युवती की मां आशा देवी को टिकट दिया है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद सत्ता के दम पर अत्याचार के शिकार हुए लोगों के हाथों में सत्ता देकर अत्याचार के खिलाफ खड़ा होने की ताक़त देना है और उनकी पार्टी इस काम में हर पीडि़त नागरिक की पूरी मदद करेगी। श्रीमती वाड्रा ने कहा कि वह सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही है और इस काम में प्रदेश की आधी आबादी को मजबूती प्रदान कर रही है। इसके लिए उन्होंने चुनाव में ज्यादा से ज्यादा महिला उम्मीदवारों को टिकट देने का निर्णय लिया। इसी का परिणाम है कि पहली सूची में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया गया है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऊर्जावान और सशक्त बनाने के लिए उन्होंने जो कदम उठाए हैं, वे सफल हो रहे हैं और उसी का परिणाम है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महिलाओं का सम्मेलन करना पड़ा, उत्तर प्रदेश सरकार को महिलाओं की बेहतरी के लिए घोषणा करनी पड़ी, समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी महिला सम्मेलनों का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं को उन्होंने जो तरजीह दी है, उसकी वजह से महिलाएं सशक्त हो रही हैं और राजनीतिक विमर्श के केंद्र में आ गई हैं। अब कोई राजनीतिक दल चुनाव में महिलाओं की अनदेखी नहीं कर सकता। यही उनके संघर्ष की सबसे बड़ी सफलता है।