श्रीनगर में अंडरग्राउंड होगी सभी विद्युत लाइनेंः डाॅ. धन सिंह रावत

0
IMG-20260619-WA0074.jpg

श्रीनगर में शीघ्र ही विद्युत तारों को अंडरग्राउंड किया जायेगा, इसके लिये ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिये गये है। इसके अलावा शहर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के उफरैंखाल में विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जायेगा, जिससे क्षेत्र के एक बड़े हिस्से में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जा सकेगी।

सूबे के कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर में विद्युत समस्याओं के निराकरण को लेकर ऊर्जा विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें उन्होंने श्रीनगर शहर में सभी विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। इसके लिये उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में विद्युत लाइनों को भूमिगत होने से शहर का सौंदर्यीकरण बढ़ जाएगा और लोगों को बिजली के खम्भों पर झूलते तारों से मुक्ति मिल जायेगी। डाॅ. रावत ने श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुये कहा कि प्रथम चरण में शहर के अंतर्गत सभी सरकारी भवनों, विद्यालयों एवं अस्पतालों के भवनों को सोलर पैनल से अच्छादित किया जायेगा, जिससे बिजली की बचत होगी और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आयेगी। डाॅ. रावत ने कहा कि श्रीनगर विद्यानसभा क्षेत्र के उफरैंखाल में विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जायेगा, जिससे क्षेत्र के एक बड़े हिस्से में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जा सकेगी।

बैठक में डाॅ. रावत ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जर्जर व सड़े-गड़े विद्युत पोलों को बदलने, आवश्यकता के अनुरूप पोलों की शिफ्टिंग करने, पुराने व अनुपयोगी ट्रांसफार्मरों की जगह नये ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने तथा विद्युत आपूर्ति को निर्बाध व सुचारू बनाने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने उपभोक्ताओं को प्रत्येक दो माह में बिजली बिल उपलब्ध कराने तथा आम लोगों को विद्युत दरों की जानकारी के लिये व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिये। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के शत-प्रतिशत राजकीय विद्यालयों का विद्युतीकरण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये, उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन न होने से छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में अपर सचिव ऊर्जा व एमडी पिटकुल मेहरबान सिंह बिष्ट, निदेशक परिचालन यूपीसीएल एम.आर. आर्या, मुख्य अभियंता गढ़वाल जोन एन.एस. बिष्ट, अधीक्षण अभियंता श्रीनगर मयूर देव सिंह, उपखण्ड अधिकारी प्रवेश कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed